गूंजी (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई आज गूंजी पहुंचे। उन्होंने आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आर्मी, एसएसबी, आईटीबीपी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैराथन के दौरान धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पूरे मैराथन मार्ग पर पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही चिकित्सा सहायता के लिए विभिन्न स्थान चिह्नित कर ड्यूटी सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मार्ग में स्नैक्स और हाइड्रेशन प्वाइंट स्थापित करने तथा उनकी स्पष्ट मार्किंग करने को कहा गया, ताकि धावकों को दौड़ के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
मैराथन मार्ग से हटाया जाएगा मलबा, सुरक्षा पर रहेगा फोकस मैराथन मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने बीआरओ के अधिकारियों को सड़क को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग में जहां भी मलबा, पत्थर या अन्य अवरोध हों, उन्हें समय रहते हटाया जाए, ताकि धावकों को दौड़ के दौरान किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
इवेंट मैनेजर को धावकों के लिए टेंट, बैठने और ठहरने की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शौचालय, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कमी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी को सभी गतिविधियों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित विभागों और आयोजन से जुड़े पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
छियालेख में बनेगी हेल्प डेस्क, आपातकालीन नंबर होंगे जारी धावकों और आयोजन से जुड़े लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए छियालेख में हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को हेल्प डेस्क के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए संपर्क नंबर जारी किए जाएंगे।
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन का आयोजन क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और आदि कैलाश को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। देश के दूर-दराज के क्षेत्रों से धावकों के प्रतिभाग करने पहुंचने की संभावना को देखते हुए उन्होंने सभी के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक धावक यहां से सुखद और सकारात्मक अनुभव लेकर लौटे। इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाएं।
इस दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी, उपनिदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित आर्मी, एसएसबी, आईटीबीपी के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


