थल, पिथौरागढ़। अरुणाचल पुलिस की आईआरबी-3 बटालियन, ईटानगर में तैनात थल के बत्यूली गांव निवासी सिपाही ललित प्रसाद जोशी का दो दिन पूर्व हृदयाघात से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

ललित प्रसाद जोशी, रमेश चंद्र जोशी के पुत्र थे और करीब 19 वर्ष पूर्व अरुणाचल पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह आईआरबी-3 बटालियन में ईटानगर में तैनात होकर अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।

रविवार को उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार थल स्थित रामगंगा के त्रिवेणी घाट पर किया गया। इस दौरान पिथौरागढ़ पुलिस की ओर से दिवंगत सिपाही को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस जवानों ने पूरे सम्मान के साथ अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

चिता को मुखाग्नि उनके बड़े भाई कमल किशोर ने दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और क्षेत्र के लोग अंतिम विदाई देने के लिए त्रिवेणी घाट पहुंचे। माहौल बेहद भावुक रहा और लोगों ने नम आंखों से वीर सिपाही को अंतिम विदाई दी।

ललित प्रसाद जोशी अपने पीछे पत्नी बबीता जोशी और पुत्र धैर्य जोशी को छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दिवंगत सिपाही के निधन पर दीपक जोशी, प्रवीण बोरा, प्रदीप जोशी, नवीन जोशी, विपिन जोशी, प्रेम प्रकाश जोशी, जीवन बोरा और धर्म सिंह बोरा सहित क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।

— अनिल कार्की, थल