पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में गत दिवस कैंप कार्यालय में जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजनाओं की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एसटीपी परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने और उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीवेज प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए एसटीपी परियोजनाएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके।
बैठक में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कूड़ा एकत्र करने के लिए उपयुक्त स्थलों का चिन्हीकरण करने और वहां व्यवस्थित तरीके से कूड़ा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़े के अनियंत्रित निस्तारण पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने नालों एवं जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, अपशिष्ट पदार्थों का उचित निस्तारण करने और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।


