पिथौरागढ़, 3 नवंबर। उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कनालीछीना विकासखंड में वृहद जागरूकता एवं श्रमिक पंजीकरण अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अपना पंजीकरण कराया।
सहायक श्रमायुक्त दीपक कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान श्रमिकों को बोर्ड की विभिन्न योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र श्रमिकों को निर्धारित नियमों के अनुसार बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता भगवती प्रसाद पांडेय ने बताया कि विकासखंड के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने आगे बढ़कर पंजीकरण कराया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए गए।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।


