थल, पिथौरागढ़। मंगलवार शाम करीब सात बजे हुई मूसलाधार बारिश के दौरान पांखू से कोटगाड़ी जा रही ऑल्टो कार संख्या UK 05 TA 4908 कोटगाड़ी मंदिर के पास उफान पर आए नाले में बह गई। पानी के तेज बहाव में कार करीब 20 मीटर तक बहने के बाद पलट गई। इसी दौरान कार का दरवाजा खुल गया और वाहन एक बड़े पत्थर से जाकर अटक गया।
कार में सवार चार युवक बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि कार उमेश जोशी (44) चला रहे थे। उनके साथ सुमित जोशी (17), बबलू जोशी (18) और 14 वर्षीय सचिन पाठक सवार थे। चारों कोटगाड़ी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण नाला अचानक उफान पर आ गया था। कार नाले में पहुंचते ही तेज पानी के बहाव में बहने लगी और पलट गई। गनीमत रही कि कार बड़े पत्थर पर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बरसात में बढ़ जाता है खतरा ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में यह नाला अक्सर उफान पर आ जाता है, जिससे यहां से आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीण पिछले करीब 10 वर्षों से नाले पर पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि स्थायी पुल का निर्माण होने से बरसात के दौरान आवागमन सुरक्षित हो सकेगा। _ अनिल कार्की थल


