पिथौरागढ़। माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन एवं थानों में लंबित मालों के विधिवत निस्तारण के क्रम में गंगोलीहाट पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। एसएचओ कोतवाली गंगोलीहाट श्री कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न मुकदमों से संबंधित जब्त माल का नियमानुसार निस्तारण किया।

कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम से संबंधित 08 मुकदमों में जब्त अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया। वहीं, जुआ अधिनियम के एक मुकदमे से संबंधित ₹26,000 की धनराशि राजस्व कोष में जमा कराई गई।

इसके अतिरिक्त भादवि के 06 मुकदमों से संबंधित मालों का भी विधिसम्मत निस्तारण किया गया। पुलिस के अनुसार पूरी प्रक्रिया माननीय न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों एवं प्रचलित विधिक प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की गई।

माल निस्तारण के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा गया। पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा थाना परिसरों में लंबे समय से लंबित मालों के न्यायालय के निर्देशानुसार व्यवस्थित एवं समयबद्ध निस्तारण की कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से थाना परिसरों में लंबित मालों का उचित निस्तारण सुनिश्चित होने के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया में पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में प्रभावशीलता भी बढ़ती है। _ vaninews