पिथौरागढ़। घाट बैरियर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर अचानक भागने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12.05 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई। मामले में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, SOG और चौकी घाट पुलिस की संयुक्त टीम घाट बैरियर क्षेत्र में वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध तरीके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक के पास से पन्नी सहित 12.05 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान 23 वर्षीय भूपेन्द्र सिंह बिष्ट निवासी बलधार, किमखोला, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्मैक की सप्लाई लाइन खंगाल रही पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक युवक तक कहां से पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पूछताछ के आधार पर नशे के स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की जानकारी मिलने पर मानस हेल्पलाइन 1933, डायल 112 या नजदीकी पुलिस इकाई को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी ।

_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज