पिथौरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड बेरीनाग में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 101 मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश टम्टा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने 70 लोगों के रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच की, जबकि 23 लोगों के एक्स-रे किए गए।

शिविर के दौरान एक दिव्यांग प्रमाणपत्र/कार्ड बनाया गया तथा 5 आभा आईडी भी तैयार की गईं। जांच में सामने आए स्वास्थ्य संबंधी मामलों में मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश टम्टा ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा रक्तचाप और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित जांच से कई बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार शुरू किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाकर समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।