डीडीहाट। नगर में पेयजल संकट को लेकर यूथ कांग्रेस ने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उत्तराखंड यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हिमांशु चुफाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया कि डीडीहाट नगर की जनता पानी की किल्लत से जूझ रही है, जबकि जल संस्थान का पेयजल टैंकर पिछले तीन दिनों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गांव हड़खोला पहुंच रहा है।
हिमांशु चुफाल ने पेयजल टैंकर के पास खड़े होकर वीडियो बनाया और इसके माध्यम से नगर में पानी की आपूर्ति को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि डीडीहाट नगर के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने हड़खोला में प्राकृतिक जल स्रोत होने के बावजूद टैंकर भेजे जाने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब नगर की जनता पेयजल संकट से जूझ रही है, तो जल संस्थान को पानी की आपूर्ति में प्राथमिकता और जरूरत के आधार पर व्यवस्था करनी चाहिए।
यूथ कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र में टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है, जबकि डीडीहाट नगर की जनता पेयजल के लिए परेशान है। उन्होंने इसे नगर की जनता के प्रति उपेक्षा बताते हुए मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेने और पेयजल संकट का तत्काल समाधान कराने की मांग की।
हिमांशु चुफाल ने सरकार के विकास संबंधी दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि डीडीहाट नगर में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
फिलहाल, इस मामले में जल संस्थान का पक्ष सामने आना बाकी है। टैंकर भेजने के कारणों और डीडीहाट नगर में पेयजल संकट के समाधान के लिए विभाग की ओर से उठाए जा रहे कदमों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।


