डीडीहाट। अवैध एवं प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने और औषधि संबंधी नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए थाना डीडीहाट पुलिस ने औषधि निरीक्षक के साथ संयुक्त रूप से मेडिकल स्टोरों में चेकिंग अभियान चलाया।

थानाध्यक्ष डीडीहाट संजय जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं औषधि निरीक्षक ने क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान संचालकों के औषधि लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के अभिलेख तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की बिक्री न की जाए। साथ ही औषधि अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने और सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने की हिदायत दी गई।

पुलिस एवं औषधि विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर न हो, इसके लिए मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच की जाएगी। अभियान के दौरान संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज