थल, पिथौरागढ़ | थाना थल में रविवार को थाना दिवस का आयोजन थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में सीएलजी सदस्यों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों, ग्राम चौकीदारों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित लगभग 55 से 60 लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट ने क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था को लेकर उपस्थित लोगों से संवाद किया और उनके सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने बाल अपराध, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशे के बढ़ते खतरे पर विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से जागरूक रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930, मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए हेल्पलाइन 1933 तथा आपातकालीन सहायता हेतु डायल-112 की जानकारी दी और आवश्यकता पड़ने पर इनका तत्काल उपयोग करने की सलाह दी।
बैठक में क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का अनिवार्य सत्यापन कराने, नशे से दूर रहने, भांग की अवैध खेती न करने तथा ऐसी गतिविधियों की गोपनीय सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन न सौंपने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई, हालांकि किसी भी प्रतिभागी ने कोई विशेष समस्या नहीं रखी। कार्यक्रम के समापन पर सभी को सूक्ष्म जलपान भी कराया गया।
इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख महेंद्र सिंह सत्याल, महामंडलेश्वर गोविंद दास 1008, ग्राम प्रधान सुनील सत्याल, सुनील सिंह कार्की, नवराज भैसोड़ा, नीरज जोशी, सुनील नाथ, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित सत्याल, महामंत्री अनिल सिंह, कोषाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह सत्याल, जगत सिंह महेता, भानू पाठक तथा भगवान सिंह देऊपा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
REPORT : ANIL KARKI :THAL


