थल, पिथौरागढ़। थल बाजार में जाम की समस्या को दूर करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए थाना थल पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। रविवार देर शाम थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट की अध्यक्षता में स्टेशन बाजार में व्यापार मंडल थल के पदाधिकारियों, टैक्सी यूनियन प्रतिनिधियों और वाहन चालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक थल बाजार में सड़क पर किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रतिष्ठान स्वामी और बाजार में आने वाले ग्राहक अपने निजी अथवा टैक्सी वाहन सड़क पर खड़े नहीं कर सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
तीनों छोर पर निर्धारित स्थानों पर होगी पार्किंग यातायात व्यवस्था के तहत मुनस्यारी-थल रोड पर पानी के धारे से ऊपर निर्धारित स्थान पर टैक्सी और अन्य वाहन एक कतार में इस प्रकार खड़े किए जाएंगे कि यातायात बाधित न हो।
वहीं बेड़ीनाग रोड पर पुलिस चेक पोस्ट से आगे निर्धारित स्थानों पर वाहनों को सुव्यवस्थित तरीके से एक कतार में पार्क करना होगा। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पिथौरागढ़-मुवानी मार्ग पर टैक्सी स्टैंड के समीप एक समय में अधिकतम तीन टैक्सी वाहन ही खड़े किए जा सकेंगे। इससे अधिक वाहन खड़े पाए जाने अथवा यातायात बाधित करने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।
ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की भी होगी जिम्मेदारी बैठक में ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को भी निर्देश दिए गए कि उनके प्रतिष्ठानों के सामने आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित तरीके से कराई जाए। यदि वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित होता है तो संबंधित संचालक की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार ये सभी निर्णय थाना थल पुलिस, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन प्रतिनिधियों और वाहन चालकों की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
थानाध्यक्ष ने व्यापारियों, वाहन स्वामियों, टैक्सी चालकों और आम नागरिकों से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा थल बाजार की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। _ अनिल कार्की : थल



