पिथौरागढ़। थाना जाजरदेवल क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घर से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय संबंधित घर में मॉड्यूलर किचन का काम चल रहा था। इसी दौरान घर से आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना जाजरदेवल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

थाना जाजरदेवल में धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में वादी रमेश सिंह धामी निवासी ग्राम सुजई ने अपने घर के बगल में स्थित रिश्तेदार के घर से आभूषण चोरी होने की सूचना दी थी।

थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई तथा संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस कार्रवाई के दौरान अहमद नबी (लगभग 37 वर्ष), निवासी धमौरा, थाना मिलक, जनपद रामपुर को गिरफ्तार किया गया।

चोरी हुए आभूषण बरामद पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे/निशानदेही से निम्न आभूषण बरामद किए गए— 01 चौकर ,01 मोतियों की माला,01 लाल छोटे मोतियों की माला,01 डिजाइनदार पीली धातु की चैन से जुड़ा गोलबंद का आधा हिस्सा, जिसमें 09 डिजाइनदार टुकड़े जुड़े हैं।

बरामद आभूषणों की पहचान मुकदमा वादी रमेश सिंह धामी और उनकी पत्नी ममता धामी ने की। उन्होंने बताया कि ये आभूषण उनकी बहन मंजू धामी के हैं, जो चोरी हो गए थे।

पुलिस ने बरामद आभूषणों को नियमानुसार कब्जे में लेते हुए मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ द्वारा घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के लिए ₹2,500 नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

पुलिस टीम - SI महाबीर सिंह, 1SI मनोज कुमार,SI सुप्रिया नेगी ,हेड कांस्टेबल पंकज भंडारी,हेड कांस्टेबल जरनैल सिंह ,कांस्टेबल चालक इंदर प्रकाश