नई दिल्ली, 12 सितंबर 2026। पिथौरागढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद् डॉ. पीताम्बर अवस्थी को समाज-शिक्षा एवं निःस्वार्थ सामाजिक सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली में आयोजित मासिक साहित्यिक संगोष्ठी में सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, प्रशस्तिपत्र एवं पुष्पादि भेंट कर सम्मानित किया गया।

डी.पी.एम.आई., न्यू अशोक नगर के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा दिल्ली प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम संस्थान के संस्थापक डॉ. विनोद बछेती एवं ब्रह्मर्षि जगदाचार्य डॉ. गौरीशंकराचार्य जी महाराज, पीठाधीश पशुपति पीठ दिल्ली, के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

सम्मान के दौरान डॉ. पीताम्बर अवस्थी के नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। आयोजकों ने उनके सामाजिक सरोकारों और समाज में जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर भाजपा दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती ने कहा कि साहित्यिक आयोजनों के माध्यम से साहित्यकारों के साथ-साथ समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करना सकारात्मक परंपरा है। उन्होंने कहा कि लोकभाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में नेपाल के धनगढ़ी से पहुंचे साहित्यकार डॉ. देबेन्द्र प्रसाद भट्ट को साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं वयोवृद्ध साहित्यकार वल्लभ डोभाल के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी रचनाओं के अंशों का भावपूर्ण पाठ किया गया।

संगोष्ठी में डॉ. कुसुम भट्ट ‘शोभनी’ एवं आदिनाद ग्रुप की टीम ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोकगायन के माध्यम से शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। जौनसारी, कुमाउनी और गढ़वाली भाषा में रचनाकारों ने काव्यपाठ भी किया।

आयोजक जगमोहन सिंह रावत ‘जगमोरा’ के 1300 पजल पूर्ण होने की उपलब्धि भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मनाई गई। आयोजन ने उत्तराखंड की लोकभाषा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को दिल्ली में एक मंच पर जोड़ने का संदेश दिया। कपिल भट्ट वाणी न्यूज