पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में आठ राज्यों के 276 एनसीसी कैडेट्स पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों के गुर सीखेंगे। राष्ट्रीय स्तर के बालिका पर्वतारोहण शिविर का विधिवत उद्घाटन 80वीं वाहिनी एनसीसी पिथौरागढ़ के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी ने किया। शिविर का संचालन जनपद में साहसिक खेलों के क्षेत्र में सक्रिय संस्था इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (ICE) द्वारा किया जा रहा है।
एनसीसी महानिदेशालय, दिल्ली के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड निदेशालय की 80वीं वाहिनी पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय शिविर में गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, बिहार एवं झारखंड, हिमाचल प्रदेश-हरियाणा, पंजाब एवं चंडीगढ़ तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख सहित आठ राज्य निदेशालयों की बालिका कैडेट्स प्रतिभाग कर रही हैं।
उद्घाटन समारोह में लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स को साहसिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने सभी कैडेट्स को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक गतिविधि बटालियन द्वारा नियुक्त प्रशिक्षकों की देखरेख में ही करें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
छह दिवसीय शिविर में कैडेट्स को ICE क्लब के कुशल प्रशिक्षक बासु पांडेय के नेतृत्व में पर्वतारोहण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें आर्टिफिशियल वॉल क्लाइंबिंग, जुमारिंग और रैपलिंग जैसी तकनीकें शामिल हैं। कैडेट्स को पहले इन गतिविधियों का सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा।
प्रशिक्षण के साथ ही शिविर में आठों राज्य निदेशालयों की कैडेट्स के बीच टग ऑफ वॉर प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इससे कैडेट्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न राज्यों की संस्कृति को जानने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व इन्हीं आठ राज्य निदेशालयों के बालक वर्ग का राष्ट्रीय पर्वतारोहण शिविर भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।
उद्घाटन अवसर पर बटालियन की प्रशासनिक अधिकारी मेजर संध्या सिंह, सूबेदार मेजर ऑनरेरी लेफ्टिनेंट गंगा सिंह, एनसीसी अधिकारी सुनीता, रेखा चौहान, चंद्रिका बेन, श्रुति शर्मा और किमी शर्मा उपस्थित रहे। इनके अलावा सूबेदार हरेंद्र सिंह, ट्रेनिंग जेसीओ नायब सूबेदार दर्शन सिंह, सीएचएम लोकेंद्र, हरीश, त्रिलोक और मनोज सहित ICE क्लब की नैना बिष्ट, हिमांशी खर्कवाल, गीता उप्रेती, पवन कुमार तथा एवरेस्ट विजेता मनीष कसनियाल भी मौजूद रहे।


