पिथौरागढ़। भारतीय शास्त्रीय संगीत की सुर-सरिता एक बार फिर पिथौरागढ़ में प्रवाहित होने जा रही है। नाद भेद गंधर्वालय संगीत अकादमी द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांगीतिक समारोह ‘गंधर्व उत्सव 2026’ का आयोजन 19 एवं 20 जुलाई 2026 को नगर निगम हॉल, पिथौरागढ़ में किया जाएगा। दोनों दिनों का कार्यक्रम अपराह्न 3:00 बजे से शुरू होगा।
आयोजकों के अनुसार यह उत्सव सुरों की साधना, ताल की अनुगूंज और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा से सुसज्जित एक संगीतमय आयोजन होगा। अकादमी ने जनपदवासियों एवं संगीत प्रेमियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत की गरिमा का साक्षी बनने का आग्रह किया है।
उत्सव के दौरान अकादमी के छात्र-छात्राएं वर्षभर की अपनी साधना और प्रतिभा का प्रदर्शन विभिन्न सांगीतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से करेंगे। वहीं दूसरे दिन का विशेष आकर्षण पखावज, तबला और शास्त्रीय गायन की विशिष्ट प्रस्तुतियां रहेंगी, जिन्हें देश के प्रतिष्ठित कलाकारों द्वारा मंचित किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि गंधर्व उत्सव 2026 का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है।


