पिथौरागढ़। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपदभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। वहीं पुलिस लाइन पिथौरागढ़ में भव्य शपथ परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और देश के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान अतुलनीय है। हमें उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
पुलिस लाइन में हुई शपथ परेड, डीआईजी ने ली सलामी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन पिथौरागढ़ में आयोजित शपथ परेड का नेतृत्व करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक, पीटीसी नरेंद्र नगर, टिहरी गढ़वाल यशवंत सिंह चौहान ने परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई। जनपद के समस्त थानों एवं पुलिस कार्यालयों में भी पुलिस कर्मियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ग्रहण की।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पांच पुलिस कर्मियों को मिला DGP डिस्क कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पांच पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को DGP डिस्क (सिल्वर) से सम्मानित करना रहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर DGP डिस्क के लिए नामित इन पुलिस कर्मियों को पुलिस उपमहानिरीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में पुलिस उपाधीक्षक गोविन्द बल्लभ जोशी, अपर उपनिरीक्षक रमेश सिंह ढेक, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार तथा कांस्टेबल महेन्द्र सिंह शामिल रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस उपाधीक्षक गोविन्द बल्लभ जोशी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के माध्यम से जनपद में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।


