पिथौरागढ़। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। जाजरदेवल में गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि अस्कोट में सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचा रहे व्यक्ति पर भी कार्रवाई की गई।

जाजरदेवल थाना क्षेत्र के सुजई में एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि विनोद कुमार उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर आमादा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आनंद गिरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विनोद कुमार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत होने के बजाय और अधिक उग्र हो गया और शांति व्यवस्था प्रभावित करने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

इधर, अस्कोट थाना क्षेत्र में किशन सिंह बिष्ट पर सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाकर शांति व्यवस्था भंग करने का आरोप है। सूचना मिलने पर अपर उपनिरीक्षक बालक गिरी ने कार्रवाई करते हुए उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।

24 लोगों पर भी कार्रवाई पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने और शराब के नशे में हुड़दंग करने वाले कुल 24 लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशे में उत्पात और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। _ वाणी न्यूज