पिथौरागढ़। जनपद में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, ठोस कूड़ा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने तथा स्वच्छता गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मा. उच्च न्यायालय, नैनीताल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए जनपद को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रभावी एवं कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर नियंत्रण तभी संभव है, जब इसकी सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माताओं, वितरकों और उपयोगकर्ताओं के विरुद्ध लगातार चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर नियमित अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई से ही समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जनजागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। इसके लिए सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, गैर-सरकारी संस्थाओं तथा आम नागरिकों के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
बैठक में नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए निर्धारित स्थलों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने जनपद में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने, सभी हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को नियमित रूप से स्वच्छतम पोर्टल पर अपलोड करने और समयबद्ध रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आवश्यक बाय-लॉज तैयार करने तथा कूड़ा निस्तारण की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पिथौरागढ़ को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त जनपद बनाया जा सके। Vaninews


