पिथौरागढ़, 03 नवंबर 2026। भारत के प्रथम महावीर चक्र विजेता एवं सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के गौरव अमर शहीद दीवान सिंह दानू की 79वीं पुण्यतिथि पर बिर्थी स्थित उनके गृह क्षेत्र के विद्यालय परिसर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने वीर शहीद को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद के पौत्र तेज सिंह एवं प्रह्लाद सिंह दानू ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के क्षेत्र संयोजक सूबेदार किशन सिंह बृथ्वाल, नायब सूबेदार बिशन सिंह दुबड़िया, सूबेदार इंद्र सिंह, हवलदार गोकर्ण सिंह, हवलदार रमेश सिंह बृथ्वाल, ग्राम प्रधान कुंदन सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि अमर शहीद दीवान सिंह दानू के सम्मान में विद्यालय का नामकरण किया गया है। पूर्व सैनिक संगठन के विशेष प्रयासों से विद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा भी स्थापित करवाई गई थी। संगठन की ओर से प्रतिवर्ष उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को उनके शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराया जाता है।
पूर्व सैनिक संगठन का कहना है कि देश के वीर शहीदों की गौरवगाथा को केवल स्मृतियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है। विद्यालयों में ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश सेवा की भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें अपने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने 'शहीद दीवान सिंह दानू अमर रहें', 'पूर्व सैनिक संगठन जिंदाबाद' और 'भारत माता की जय' के उद्घोष के साथ वीर सपूत को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


