पिथौरागढ़। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के तत्वावधान में मानस कॉलेज, पिथौरागढ़ की ओर से आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयी पुरुष एवं महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शनिवार, 10 अक्टूबर को समापन हो गया। सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में 9 और 10 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बनबसा, लोहाघाट और टनकपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने किया। इस दौरान मानस एकेडमी के बैंड ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। मानस कॉलेज के निदेशक देवाशीष पंत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और अनुशासन को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष वर्ग के 55–66 किलोग्राम भार वर्ग में बनबसा के समीर राणा, 47–50 किलोग्राम में एलएसएम परिसर पिथौरागढ़ के सक्षम चंद, 50–55 किलोग्राम में साहिल कुमार तथा 60–65 किलोग्राम में निखिल खड़ायत ने जीत दर्ज की।

महिला वर्ग के 45–48 किलोग्राम भार वर्ग में लोहाघाट की समीक्षा ढेक और एलएसएम परिसर की दीपिका कनवाल ने विजय प्राप्त की।

दूसरे दिन पुरुष वर्ग के 55–60 किलोग्राम भार वर्ग में वरुण शाही और 70–75 किलोग्राम में सौरभ बिष्ट विजेता रहे। वहीं महिला वर्ग में दीपिका कनवाल ने 45–48 किलोग्राम तथा निकिता चंद ने 57–60 किलोग्राम भार वर्ग में जीत हासिल की।

10 अक्टूबर को आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के पूर्व कुलपति प्रो. एनएस भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी लियाकत अली खान की मौजूदगी में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मानस कॉलेज की ओर से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया, जबकि स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को विश्वविद्यालय की ओर से पदक प्रदान किए गए।

समापन समारोह में मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार पंत ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय के अधिकारियों, जिला बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों, जिला क्रीड़ा अधिकारी, निर्णायकों, प्रशिक्षकों और अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला बॉक्सिंग संघ के अधिकारियों एवं निर्णायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के समग्र समन्वय में मानस कॉलेज की खेल समन्वयक सुमन बिष्ट ने योगदान दिया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक सदस्य भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला और युवाओं में खेल, अनुशासन तथा नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।