पिथौरागढ़। बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडेय ने पिथौरागढ़ में आयोजित अखिल भारतीय समानता मंच की बैठक में संगठन की मांगों का समर्थन करते हुए आरक्षण व्यवस्था और एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी संबंधों में कटुता बढ़ने की चिंता है। उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने और एससी-एसटी एक्ट में सुधार की मांग को लेकर सवर्ण समाज से एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

रामलीला मैदान सोरगढ़ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट अजय बोहरा ने की, जबकि संचालन एमसी जोशी ने किया। बैठक में यूजीसी कानून 2026 पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को रोकने, यूजीसी कानून को वापस लेने और आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांगों पर संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में मौजूद प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडेय ने कहा कि आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट को लेकर समाज में विभिन्न जातियों के बीच आपसी संबंधों में कटुता और वैमनस्यता बढ़ने की चिंता है। उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू कराने और एससी-एसटी एक्ट में सुधार की मांग को लेकर समाज के लोगों से आगे आने की अपील की।

हेमंत पांडेय ने कहा कि इन मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने अखिल भारतीय समानता मंच की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के हितों और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए समाज को अपनी मांगों के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अखिल भारतीय समानता मंच की ओर से 13 अक्टूबर को अपनी मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा। संगठन की ओर से यूजीसी कानून 2026 को वापस लेने, एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग को रोकने तथा आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई जाएगी।

बैठक में दयानन्द भट्ट, डीएस भंडारी, एडवोकेट अजय बोहरा, एमसी जोशी, डॉ. नीरज चंद्र जोशी, महिपाल सिंह डोबाल और सूबेदार मेजर गोविंद सिंह बिष्ट सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इस दौरान चंद्रशेखर जोशी, राजीव पांडेय सहित संगठन के अन्य लोग मौजूद रहे।