पिथौरागढ़, 24 सितंबर 2026। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने वाली संस्था इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आईस) के दो प्रशिक्षकों मुकेश और लोकेश ने लद्दाख की तीन दुर्गम चोटियों को सफलतापूर्वक फतह कर जिले का नाम रोशन किया है।
आईस संस्था के अध्यक्ष विश्वदेव पांडेय वासू और सचिव जगदीश कलौनी ने बताया कि हाई-एल्टीट्यूड माउंटेनियरिंग अभियान के दौरान दोनों पर्वतारोहियों ने बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। अभियान में उन्हें कठिन मौसम, कम ऑक्सीजन और तकनीकी चढ़ाई जैसी चुनौतियों से जूझना पड़ा।
दोनों ने 6,440 मीटर ऊंची माउंट कांग यातसे-I, 6,300 मीटर ऊंची माउंट ज़ोजोंगो वेस्ट और 6,250 मीटर ऊंची माउंट ज़ोजोंगो ईस्ट पर सफल चढ़ाई की। ऊंचाई और कठिन भूभाग के कारण इन चोटियों को चुनौतीपूर्ण माना जाता है।
आईस के प्रशिक्षक के रूप में मुकेश और लोकेश को हाई-एल्टीट्यूड माउंटेनियरिंग का प्रशिक्षण और अनुभव प्राप्त है। संस्था ने कहा कि उनकी सफलता साहसिक खेलों में उनकी तकनीकी दक्षता, अनुभव, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है तथा युवा पर्वतारोहियों के लिए प्रेरणादायी है।
पुरमल सिंह धर्मशत्तू की स्मृति में साइकिलिंग अभियान वहीं, प्रसिद्ध पर्वतारोही स्वर्गीय पुरमल सिंह धर्मशत्तू की स्मृति में आईस संस्था के दो अन्य प्रशिक्षक पवन और शुभम् दारमा घाटी क्षेत्र तक साइकिलिंग अभियान पर निकलेंगे। पिथौरागढ़ में करीब 1,625 मीटर की ऊंचाई से शुरू होने वाली यह यात्रा सीपू गांव में करीब 3,500 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचेगी।
करीब 364 किलोमीटर लंबी यह यात्रा छह रात और सात दिन में पूरी की जाएगी। अभियान का उद्देश्य “नशे से रहें दूर, जीवन संवारें भरपूर” और “आपदा से आगे, उम्मीद की सवारी” संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।
गौरतलब है कि सीमित संसाधनों के बावजूद आईस संस्था पिथौरागढ़ में समय-समय पर साहसिक खेल, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण एवं अभियानों का आयोजन करती रही है। संस्था के प्रशिक्षक एवरेस्ट सहित कई दुर्गम चोटियों पर सफल पर्वतारोहण कर चुके हैं।
रिपोर्ट: जगदीश कलौनी


