पिथौरागढ़। तृतीय कुमाऊं (राइफल्स) का ऐतिहासिक शेरोन दिवस रविवार को तृतीय कुमाऊं (राइफल्स) गौरव सेनानी संगठन पिथौरागढ़ द्वारा गर्व और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने पलटन और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
बताया गया कि वर्ष 1918 में तुर्की सेना के खिलाफ हुए युद्ध में तृतीय कुमाऊं राइफल्स को मिले बैटल ऑनर की स्मृति में यह ऐतिहासिक दिवस प्रतिवर्ष मनाया जाता है। समारोह के दौरान वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर ऑनरी कैप्टन प्रकाश पंत रहे। कार्यक्रम का संचालन सूबेदार मेजर गोविंद बल्लभ और सूबेदार मेजर लक्ष्मण वल्दिया के दिशा-निर्देशन में किया गया।
इस मौके पर नायब सूबेदार हयात सिंह ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर अपने साथी पूर्व सैनिकों के साथ मिलना और यूनिट में बिताए सैन्य कार्यकाल के दिनों को याद करना उनके लिए सुखद एवं भावुक अनुभव है।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने तृतीय कुमाऊं राइफल्स की गौरवशाली सैन्य परंपराओं को याद करते हुए नई पीढ़ी को वीर सैनिकों के त्याग और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ ने तृतीय कुमाऊं राइफल्स के सभी कार्यरत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके परिवारों को शेरोन दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


