पिथौरागढ़। मानस कॉलेज, पिथौरागढ़ में आयोजित फ्रेशर्स पार्टी 2026 नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गई। कॉलेज परिसर में दिनभर उत्साह, उमंग और मनोरंजन का माहौल रहा। मंच पर विद्यार्थियों की प्रतिभा दिखी तो दर्शक दीर्घा में तालियों और उत्साह की गूंज सुनाई दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और मिस एवं मिस्टर फ्रेशर प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया। ‘Tech Vira’ यानी ‘Technology और Virasat का संगम’ इस आयोजन की थीम रही, जिसके जरिए नई तकनीक और पहाड़ी संस्कृति एवं विरासत को एक ही मंच पर जोड़ने का संदेश दिया गया। आयोजन में जहां आधुनिक अंदाज और युवाओं का उत्साह नजर आया, वहीं पारंपरिक पहाड़ी प्रस्तुतियों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के निदेशक देवाशीष पंत ने अतिथियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए किया। इसके बाद शुरू हुआ विद्यार्थियों की प्रतिभा का सिलसिला। विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत और मनोरंजक प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम में बैंकिंग एंड फाइनेंशियल मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत पारंपरिक पहाड़ी युगल नृत्य ने खासा आकर्षण बटोरा। प्रस्तुति को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति के सम्मान से नवाजा गया। पहाड़ी रंग और युवा ऊर्जा के इस संगम पर विद्यार्थियों ने जमकर तालियां बजाईं।
फ्रेशर्स पार्टी का सबसे रोमांचक दौर रहा 'मिस एवं मिस्टर फ्रेशर 2026' प्रतियोगिता। रैंप वॉक, सवाल-जवाब और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों के बीच प्रियांशी भट्ट ने मिस फ्रेशर 2026 और प्रद्युम्न ओझा ने मिस्टर फ्रेशर 2026 का खिताब अपने नाम किया।
विजेताओं की घोषणा मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार पंत ने प्रशासनिक स्टाफ की मौजूदगी में की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विप्लव भट्ट (सरहद लाइव), कपिल भट्ट (संपादक : वाणी न्यूज), कुमार कैलास (भाव राग ताल नाट्य अकादमी) सहित के.के. म्यूजिकल ग्रुप के सदस्य शामिल रहे।
कार्यक्रम का सबसे ज्यादा मनोरंजन वाला दौर रहा के.के. म्यूजिकल ग्रुप की संगीतमय शाम। प्रसिद्ध लोक गायक कैलाश कुमार, दीपिका राज और उनकी टीम ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा माहौल बनाया कि विद्यार्थी अपनी सीटों पर टिके नहीं रह सके।
लोकगीतों और मनमोहक गीतों की प्रस्तुतियों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर आनंद लिया। संगीत की धुन, तालियों की गूंज और युवाओं का उत्साह मिलकर पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंगता नजर आया।
मुख्य अतिथि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के पूर्व कुलपति प्रो. एन. एस. भंडारी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन सीखने के साथ-साथ प्रतिभा को पहचानने और व्यक्तित्व को निखारने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम में मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की प्रबंध निदेशिका कंचन पंत, मीनू भट्ट, ललित पंत, जी.एस. बोहरा, मानस एकेडमी के विभिन्न परिसरों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, प्रशासनिक स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मानस कॉलेज के विद्यार्थियों एवं इवेंट हेड योगेश भट्ट ने किया। कुल मिलाकर फ्रेशर्स पार्टी नए विद्यार्थियों के लिए परिचय से कहीं आगे बढ़कर दोस्ती, संगीत, प्रतिभा और कॉलेज लाइफ के शानदार आगाज का यादगार उत्सव बन गई।


