पिथौरागढ़। पुलिस कार्यालय पिथौरागढ़ में पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रहलाद कोंडे की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारियों ने ऑफलाइन तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। इस दौरान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, डिजिटल पुलिसिंग, लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने हार्डवेयर दुकानदारों, वर्कशॉप संचालकों, मैकेनिक, बारात घरों एवं अन्य प्रतिष्ठानों द्वारा सड़क पर किए जा रहे अतिक्रमण को चिह्नित कर पहली बार नोटिस जारी करने को कहा। इसके बावजूद दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने तथा सड़क पर भवन निर्माण सामग्री डालकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सीओ पिथौरागढ़ श्री गोविन्द बल्लभ जोशी सहित जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।


