पिथौरागढ़ नगर के सिल्लथम चौराहे से नीचे धारचूला रोड पर गंगा निवास से आगे सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब है। जगह-जगह बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़क राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से रोजाना कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभागीय जिम्मेदार गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली शायद अब तक किसी की नजर में नहीं आई। स्थानीय लोगों का व्यंग्य है कि “शायद बड़ी गाड़ियों में बैठने वालों को सड़क के गड्ढों का एहसास नहीं होता।”

यह सड़क जिला मुख्यालय के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब जिला मुख्यालय की सड़कें ही इस तरह बदहाल हैं, तो दूरस्थ क्षेत्रों की सड़कों का क्या हाल होगा?

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत किसी बड़े हादसे के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले होनी चाहिए।

सवाल सिर्फ गड्ढों का नहीं, जिम्मेदारी का भी है—आखिर इस सड़क से गुजरने वाले जिम्मेदार लोगों की नजर कब इस बदहाली पर पड़ेगी? VANINEWS