पिथौरागढ़। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जनपद के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों और महान राष्ट्रनायकों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करने का पावन पर्व है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपने दायित्वों और कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने कार्यक्षेत्र में लगन एवं प्रतिबद्धता से कार्य कर जनपद, प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की संप्रभुता, अखंडता और एकता को बनाए रखने का संकल्प लेने का अवसर है। आपसी भाईचारे, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हुए ही विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक मनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आह्वान किया।_ VANINEWS