पिथौरागढ़। आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव का सोमवार को डाबरी मैदान में पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। करीब 800 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुए तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में विधायक मयूख महर ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कलश यात्रा में उमड़ा महिलाओं का हुजूम महोत्सव के पहले दिन सुबह 11:30 बजे संगाटा से पारंपरिक कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकली यात्रा डाबरी मैदान स्थित मेला स्थल पर पहुंची। करीब 800 महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। कलश यात्रा के साथ ही क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया।
इसके बाद मां सरस्वती की वंदना और स्वागत गीत के साथ उद्घाटन समारोह शुरू हुआ। मेला समिति की ओर से विधायक मयूख महर सहित अन्य अतिथियों का बैज, शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
ग्रामोत्थान समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह वल्दिया और मेला संयोजक बिरेन्द्र वल्दिया सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों का स्वागत किया। आयोजकों ने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
महोत्सव के दौरान स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम में दीपिका राज, प्रियांशु कुमार, अमित गोस्वामी, अमित कुमार, मलय आर्या और भावना बोरा ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। वहीं कथक नृत्यांगना उन्नति जोशी की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
महोत्सव के पहले दिन शाम 7:30 बजे विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाना निर्धारित है, जिसमें विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। इसके बाद रात 8:30 बजे से स्टार नाइट का आयोजन होगा। इसमें चक्र बहादुर बम, दर्शन फर्स्वाण, निकिता शर्मा और ललित गित्यार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। स्टार नाइट को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन विभिन्न गांवों के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। तीन दिवसीय महोत्सव के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


