पिथौरागढ़/घाट। रविवार को आयोजित होने वाली NDA परीक्षा में शामिल होने के लिए अल्मोड़ा समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे परीक्षार्थियों के सामने घाट क्षेत्र में सड़क जाम बड़ी परेशानी बन गया है। घाट के मुन्ना बैंड के पास पहाड़ से लगातार पत्थर गिरने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों और मौके से सामने आ रही तस्वीरों के मुताबिक, मुन्ना बैंड के पास पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर और मलबा सड़क पर गिर रहा है। इसके चलते वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ आवाजाही करनी पड़ रही है और यातायात की रफ्तार प्रभावित हुई है।
सबसे बड़ी चिंता उन NDA परीक्षार्थियों को लेकर है, जिन्हें रविवार को अल्मोड़ा पहुंचकर परीक्षा देनी है। जाम के कारण कई परीक्षार्थी रास्ते में फंसे हुए बताए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचने को लेकर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
पत्थरों की बरसात के बीच सफर बना जोखिम भरा मुन्ना बैंड के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी रहने के कारण यह मार्ग यात्रियों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान यहां पहाड़ से पत्थर और मलबा आने की स्थिति लगातार बनी हुई है।
परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षा का समय निर्धारित है और जाम या सड़क बंद होने की स्थिति में परीक्षा केंद्र तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में प्रशासन और सड़क एजेंसियों से मार्ग पर तत्काल निगरानी बढ़ाने तथा यातायात को सुचारु रखने की मांग की जा रही है।
फिलहाल परीक्षार्थियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मुन्ना बैंड के पास पत्थर गिरने और जाम के बीच वे समय पर अल्मोड़ा परीक्षा केंद्र तक कैसे पहुंचें।
प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से सड़क की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यात्रियों से भी अपील है कि पहाड़ी से पत्थर गिरने वाले संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें ।


