डीडीहाट। मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए डीडीहाट नगर पालिका परिषद पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल एवं अधिशासी अधिकारी सूरज प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय बैठक में सभी कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन ने निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में बिना देरी किए युद्ध स्तर पर राहत कार्य संचालित किए जाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि भारी बारिश और आपदा काल के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। यदि कहीं भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने, जलभराव या किसी अन्य आपदा जैसी स्थिति दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाई जा सके।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, अफवाहों से बचने और मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
रिपोर्ट: हर्षित मेहरा, डीडीहाट VANI NEWS


