पिथौरागढ़। जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दुकान और ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष कनालीछीना प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कनालीछीना बाजार में चेकिंग के दौरान एक दुकान से चार पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में दुकान संचालक खुशाल सिंह निवासी ग्राम बलियाली चौरा, पिथौरागढ़ को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, जाजरदेवल थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आनंद गिरी और पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान नागनाथ मंदिर के पास स्थित एक ढाबे पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, ढाबे में अवैध रूप से शराब पिलाने और बेचने के मामले में संचालक संतोष शर्मा निवासी पण्डा को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।