थल। थल से पाखू जाने वाली सड़क पर कफल्टा गांव के पास सड़क की सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार से पत्थरों की चोरी का मामला सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण सिंह ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क की सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार से धीरे-धीरे पत्थर निकालकर चोरी किए जा रहे हैं।
पत्थरों के लगातार निकाले जाने से सुरक्षा दीवार कमजोर होती जा रही है। बारिश के मौसम में इसके चलते सड़क पर मलबा या पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।
प्रवीण सिंह के अनुसार, हैरानी की बात यह है कि पीडब्ल्यूडी सड़क विभाग को अभी तक इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने विभाग से मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा दीवार से निकाले गए पत्थरों की जांच कराने और क्षतिग्रस्त दीवार को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सुरक्षा दीवार कमजोर होने से भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
रिपोर्ट: अनिल कार्की, थल


