पिथौरागढ़। 23 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से ग्रीन आइलैंड, मड़धूरा स्थित श्री शिवशंकर पंत के होटल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन पिथौरागढ़ की फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर होटल में आग लगी हुई पाई गई। फायर यूनिट ने MFE से पंपिंग कर होजरील की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए मौके से एक अतिरिक्त फायर वाहन की मांग की गई। अतिरिक्त वाहन के पहुंचने के बाद दोनों फायर वाहनों से पंपिंग कर आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया गया और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
अग्निकांड के दौरान होटल कर्मचारी श्याम सिंह भंडारी आंशिक रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भवन स्वामी के पास अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) उपलब्ध नहीं था। साथ ही, भवन में अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं भी मौजूद नहीं होने की जानकारी सामने आई है।
फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और उसे आसपास के अन्य स्थानों तक फैलने से रोका गया। अग्निकांड के कारण हुए नुकसान का विस्तृत आकलन तथा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। _ पुलिस मीडिया सेल


