ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में THDC इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में विद्यालय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही उनमें ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रतियोगिता का प्रथम चरण 8 अक्टूबर 2026 को कक्षा 5 से 10 तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिन्होंने 9 अक्टूबर को आयोजित विद्यालय स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता को दो समूहों में विभाजित किया गया था। समूह ‘ए’ में कक्षा 5 से 7 तथा समूह ‘बी’ में कक्षा 8 से 10 तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण का महत्व, बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट मनोज कुमार जोशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा निखारने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपनी प्रतिभा को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रतियोगिता में दोनों समूहों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आगामी राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता ऋषिकेश में आयोजित होगी, जिसमें चयनित विद्यार्थी अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में कलात्मक कौशल विकसित करने के साथ-साथ उन्हें ऊर्जा संरक्षण के प्रति जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना है।