पिथौरागढ़। लगातार हो रही बारिश के बीच घाट–मुन्ना बैंड क्षेत्र में हालात एक बार फिर चिंताजनक हो गए हैं। पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा सड़क पर गिर रहा है, जिसके चलते पिथौरागढ़–घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के बीच पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है और सड़क पर मलबा जमा हो रहा है। ऐसे में सड़क खोलने का काम भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम और पत्थरों के गिरने की स्थिति को देखते हुए सड़क के शाम तक ही खुलने की संभावना है।
पिथौरागढ़–घाट मार्ग पर मुन्ना बैंड और आसपास के हिस्से पहले भी भारी बारिश के दौरान मलबा और बोल्डर गिरने से बाधित होते रहे हैं। हाल के दिनों में भी मुन्ना बैंड और दिल्ली बैंड पर भारी मलबा आने से मार्ग कई घंटों तक बंद रहा था।
यात्रियों से अपील—बेवजह जोखिम न लें बारिश और पहाड़ी से लगातार गिरते पत्थरों को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है। बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें और निकलने से पहले संबंधित विभाग या प्रशासन से सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें।
विशेषकर ऐसे स्थानों पर जहां पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी हो, वहां सड़क खुलने का इंतजार करना ही सुरक्षित विकल्प हो सकता है। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1077 पर सड़क एवं आपदा संबंधी जानकारी ली जा सकती है।


