पिथौरागढ़। लोक विरासत जनजातीय एवं लोक कला समिति, पिथौरागढ़ और हिंदुस्तानी क्लासिकल परफॉर्मिंग आर्ट्स डिवीजन के संयुक्त तत्वावधान में किराना घराने की विख्यात गायिका एवं स्वरयोगिनी पद्मविभूषण डॉ. प्रभा अत्रे की जयंती के अवसर पर संगीत के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में अनूठी पहल की गई। इस अवसर पर ‘स्वरयोगिनी पद्मविभूषण डॉ. प्रभा अत्रे संगीत प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना’ का आधिकारिक शुभारंभ किया गया।
संस्था की निदेशक डॉ. पूजा पाण्डेय पुनेठा ने बताया कि डॉ. प्रभा अत्रे के संगीत के प्रति समर्पण और अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए शुरू की गई यह छात्रवृत्ति प्रतिवर्ष उनकी जयंती पर प्रदान की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक वर्ष दो अलग-अलग श्रेणियों में एक-एक मेधावी विद्यार्थी का चयन कर उन्हें सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।
सरकारी स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ उपनिदेशक डॉ. रमा खर्कवाल भट्ट ने बताया कि छात्रवृत्ति का लाभ विशेष रूप से पिथौरागढ़ जनपद के सरकारी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत संगीत के छात्र-छात्राओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण कई प्रतिभावान विद्यार्थी संगीत की शिक्षा को आगे नहीं बढ़ा पाते। ऐसे विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी प्रतिभा को निखारने और संगीत को भविष्य में रोजगार का माध्यम बनाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है।
CEO और DM के माध्यम से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार समिति के संस्थापक अध्यक्ष पीयूष धामी ने योजना के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि छात्रवृत्ति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) और जिलाधिकारी (DM) के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी इसमें आवेदन कर सकें।
प्राप्त आवेदनों की जांच एक विशेषज्ञ निर्णायक समिति द्वारा की जाएगी। विद्यार्थियों की वास्तविक प्रतिभा और योग्यता के आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया से चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को नवंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में छात्रवृत्ति एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने पिथौरागढ़ सहित पूरे उत्तराखंड की लोक कला, संगीत और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


