पिथौरागढ़। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में पिथौरागढ़ में पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष चंद्र शेखर पुनेडा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाए और अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उक्रांद कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में इस मामले के संबंधित पहलुओं की जांच और सीबीआई जांच की मांग के बीच दुष्यंत कुमार गौतम को महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर नियुक्त किए जाने के फैसले पर सवाल खड़े होते हैं।
दल ने केंद्र सरकार से मांग की कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रकरण से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब सामने लाया जाए।
उक्रांद ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने लाने के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस मामले में पारदर्शिता बरतने और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।


