पिथौरागढ़। क्षेत्र में 17 सितंबर से 30 सितंबर तक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की पहल पर लोक कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आम जनता को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों के प्रति जागरूक किया।

भाव राग ताल नाट्य एकेडमी की टीम ने लेलू, वड्डा, तड़ी गांव, आठगांव शिलिंग, सातगांव शिलिंग, बजेटी, थरकोट, बालाकोट, नैनीसैनी, जाजरदेवल, पुनेरी और गणाई गंगोली सहित विभिन्न स्थानों पर स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया।

नाटकों के माध्यम से समान नागरिक संहिता (यूसीसी), लखपति दीदी योजना, अपनी सरकार पोर्टल, कीवी नीति, नमक पोषण सहित राज्य सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई। कलाकारों ने रोचक एवं सरल तरीके से योजनाओं के उद्देश्य, उपयोगिता और आम लोगों को मिलने वाले लाभों के बारे में बताया।

इस दौरान लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने तथा संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त करने की अपील भी की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना रहा।

भाव राग ताल नाट्य एकेडमी के कुमार कैलाश ने कहा कि नुक्कड़ नाटक सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां जारी रखी जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।