पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को पण्डा बाईपास मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मार्ग के कुछ हिस्सों में गड्ढे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल सड़क की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव वाले स्थानों के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत और रखरखाव के कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य सड़कों पर भी गड्ढों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दिनेश मोहन गुप्ता, तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
— कपिल भट्ट , पिथौरागढ़


