पिथौरागढ़। जनपद के लिए गौरव की बात है कि उत्तराखंड सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत धीरज सिंह पोखरिया का चयन उत्तराखंड की सिविल सर्विसेज कैरम टीम में हुआ है। उन्होंने देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज कैरम चयन ट्रायल (2026-27) में शानदार प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
खेल निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से आयोजित इस चयन प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 62 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच धीरज सिंह पोखरिया ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबले जीते और चयन समिति का ध्यान आकर्षित किया।
धीरज सिंह पोखरिया वर्तमान में पिथौरागढ़ के लघु डाल खंड में तैनात हैं। चयन ट्रायल के दौरान उन्होंने सभी नॉकआउट राउंड में उत्कृष्ट खेल दिखाया। उनके प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति ने उन्हें ऑल इंडिया नेशनल टूर्नामेंट के लिए उत्तराखंड की टीम में शामिल किया है।
इस चयन के साथ ही धीरज सिंह पोखरिया ने राज्य की छह सदस्यीय राष्ट्रीय कैरम टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। उनकी इस उपलब्धि से सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित पिथौरागढ़ जनपद में खुशी का माहौल है। यह सफलता अन्य कर्मचारियों और खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।


