पिथौरागढ़। सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में पिथौरागढ़ जिले ने महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है। जिले में 28 फरवरी 2026 से संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 92 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, एशियन स्कूल पिथौरागढ़ ने अपने यहां लक्षित सभी बच्चों का टीकाकरण कर 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र बच्चियों को एचपीवी संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
स्कूलों में काउंसलिंग से बढ़ी जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों में विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें छात्राओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव, टीके के महत्व और इसकी सुरक्षा के संबंध में जानकारी दे रही हैं।
जागरूकता बढ़ने के साथ ही अभिभावकों की सहभागिता में भी वृद्धि हुई है। इसका सकारात्मक असर जिले के टीकाकरण आंकड़ों में दिखाई दे रहा है। अभियान के तहत एशियन स्कूल पिथौरागढ़ ने अपने यहां शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया। विद्यालय प्रबंधन के सहयोग और स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर समन्वय के चलते सभी लक्षित बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालय प्रबंधन की सक्रिय भागीदारी और सहयोग की सराहना करते हुए इसे अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए प्रेरणादायी पहल बताया है। विभाग का कहना है कि स्कूलों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से जिले को जल्द शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने बताया कि जिले में अब तक 92 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 8 प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने के लिए अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले की सभी पात्र बच्चियों को एचपीवी टीके की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए । _ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


