पिथौरागढ़। जनपद में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस का चेकिंग और छापेमारी अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली पिथौरागढ़ की टीम ने छानापाण्डे से दिग्तोली जाने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान मोनेलाल शाह निवासी झाखरा, मोतिहारी (बिहार), हाल निवासी मोस्टामानू, चण्डाक को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक ललित डंगवाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

वहीं, कोतवाली जौलजीबी पुलिस ने कस्बे के एक होटल में अवैध रूप से शराब बेचने और परोसने के आरोप में होटल संचालिका विमला देवी निवासी दूतीबगड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।

इसी तरह, थाना नाचनी पुलिस ने कस्बे में स्थित एक ढाबे पर कार्रवाई करते हुए संचालक चंचल सिंह निवासी भाकुना, बागेश्वर को अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पिथौरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए चेकिंग एवं छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।