पिथौरागढ़। रामलीला मैदान पिथौरागढ़ में बुधवार को भव्य ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने भाग लिया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों एवं संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्रसमर्पण की यात्रा के स्मरण से भी जोड़ा गया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा को माध्यम बनाकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अंत्योदय, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति, किसान कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

इस दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खूब उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी एवं हेमराज बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी निर्मल माहरा, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, पूर्व विधायक चंद्रा प्रकाश पंत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल मेहता, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला महामंत्री इंदर लुंठी, दिवाकर जोशी, कनालीछीना ब्लॉक प्रमुख महिमन कन्याल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र शाह, बसंत जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, राज्य आंदोलनकारी गोविंद महर, पूर्व चेयरमैन कॉपरेटिव बैंक मनोज सामंत सहित भाजपा के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में जनता उपस्थित रही।