थल/पिथौरागढ़ :
पिथौरागढ़ जनपद के थल क्षेत्र के पीपलतड़ गांव की उभरती एथलीट प्रतीक्षा कार्की का उत्तराखंड के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट में चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। 17 जुलाई से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र में प्रतीक्षा कॉलेज में प्रवेश लेकर एथलेटिक्स का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ-साथ कक्षा 6 की पढ़ाई भी वहीं से जारी रखेंगी।
प्रतीक्षा ने मई माह में आयोजित कड़ी चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर से चयनित 30 बालिका खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई। उनका चयन एथलेटिक्स विधा के लिए हुआ है। प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में पहले बैच के लिए विभिन्न जिलों की 30 प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन किया गया है।
बेटी की इस उपलब्धि से पिता पुष्कर सिंह कार्की और गृहिणी माता ममता कार्की की खुशी का ठिकाना नहीं है। परिवार के साथ-साथ गांव और क्षेत्र के लोगों ने भी प्रतीक्षा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
लोहाघाट महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाशाली बालिकाओं को उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। चयनित छात्राओं को खेल प्रशिक्षण, शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।
प्रतीक्षा कार्की की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे थल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की प्रेरणा भी देती है।
रिपोर्ट: अनिल कार्की |थल, पिथौरागढ़ | Vani News


