गंगोलीहाट (पिथौरागढ़): क्षेत्र में नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता का एक गंभीर मामला सामने आया है। गंगोलीहाट क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली गंगोलीहाट में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक युवक ने उनकी 10 वर्षीय पुत्री और 12 वर्षीय भतीजी को जबरन अपने कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि युवक ने बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करते हुए गलत हरकत करने का प्रयास किया।

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अभियुक्त जितेन्द्र प्रसाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2), 74, 75 तथा 7/8 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष गंगोलीहाट, श्री कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। मामले की विवेचना कर रहीं महिला उपनिरीक्षक रजनी आर्या ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त जितेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध सभी आवश्यक वैधानिक व कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।