पिथौरागढ़। बरम-कनार क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर कनार क्षेत्र के एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से मुख्यमंत्री को विस्तार से अवगत कराते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
शिष्टमंडल ने बरम-कनार मोटर मार्ग के निर्माण/सुधार को अपनी प्रमुख मांग बताते हुए इसके शीघ्र निराकरण की मांग की। इसके अलावा बरम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, कनार के राजकीय माध्यमिक विद्यालय भवन की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण, कनार में एएनएम सेंटर भवन निर्माण और गांव में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी गई।
वहीं, छिपलाकोट के भैमन (कनार) में यात्रियों की सुविधा के लिए विश्राम गृह, टीन शेड और शौचालय निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। शिष्टमंडल ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र होने के कारण इन सुविधाओं की स्थानीय लोगों और यात्रियों को लंबे समय से आवश्यकता महसूस हो रही है।
बताया गया कि श्री प्रदीप रावत के माध्यम से कनार का शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मिला और क्षेत्र की समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने शिष्टमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया ।
शिष्टमंडल में जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह परिहार, प्रधान प्रतिनिधि कनार जगत सिंह, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि कनार प्रकाश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता जीवन सिंह, रुद्र सिंह, भरत सिंह, डिगर सिंह और जगदीश परिहार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद बरम-कनार मोटर मार्ग समेत अन्य प्रमुख समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द ठोस कार्रवाई होगी ।
_ कपिल भट्ट वाणी न्यूज


