पिथौरागढ़/थल। जिस व्यक्ति पर भरोसा कर मकान मालिक अपना मोबाइल फोन और PhonePe का PIN इस्तेमाल करने के लिए दे देता था, उसी ने कथित तौर पर उसके खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। पिथौरागढ़ जिले के थल थाना क्षेत्र के कोटगाड़ी गांव में सामने आए इस मामले में एक किरायेदार पर 65 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से 26 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1 लाख 36 हजार 588 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोटगाड़ी निवासी गोविन्द वल्लभ जोशी ने 7 अक्टूबर 2026 को थाना थल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बैंक खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने UPI और PhonePe के माध्यम से रकम निकाल ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष गणेश भट्ट के नेतृत्व में मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संतोष रोडियाल ने की। पुलिस ने पीड़ित के बैंक स्टेटमेंट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उन खातों की जानकारी जुटाई, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। जांच में शुभम राय, किरन देवी, प्रिया कुमारी और गीता देवी के खातों में रकम जाने की बात सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस का शक पीड़ित के मकान में पिछले छह महीने से किराये पर रह रहे मजदूर रुदल महतो पर गया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूरी घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले का निवासी 35 वर्षीय रुदल महतो कोटगाड़ी में रहकर टाइल लगाने का काम करता था। मकान मालिक से उसकी नजदीकी हो गई थी। बताया गया कि पीड़ित कभी-कभी शराब मंगाने के लिए उसे अपना मोबाइल फोन देते थे और PhonePe का PIN तथा मोबाइल का पासवर्ड भी बता देते थे।
आरोप है कि इसी दौरान रुदल महतो ने PIN याद कर लिया और बाद में लालच में आकर पीड़ित के मोबाइल से रकम ट्रांसफर करने लगा। पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त से 6 अक्टूबर 2026 के बीच 26 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,36,588 रुपये विभिन्न खातों में भेजे गए। इनमें 67 हजार रुपये आरोपी की पत्नी किरन देवी के खाते में और 48 हजार रुपये कर्ज चुकाने के लिए भेजे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और तलाशी के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन तथा ठगी की रकम में से 7 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी रुदल महतो निवासी टोला सिरिसिया, ओपी चूहाड़ी, थाना चनपटिया, जिला पश्चिमी चम्पारण (बिहार), हाल निवासी कोटगाड़ी, थाना थल को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक गणेश भट्ट, विवेचक अपर उपनिरीक्षक संतोष रोडियाल, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह, हेड कांस्टेबल शंकर देवड़ी और होमगार्ड हरीश चन्द्र शामिल रहे।
पिथौरागढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन का पासवर्ड, UPI PIN और OTP किसी के साथ साझा न करें, भले ही वह परिचित या करीबी व्यक्ति क्यों न हो। UPI PIN समय-समय पर बदलते रहें और किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।


