पिथौरागढ़। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत ‘मेरा सपना, मेरा लक्ष्य’ कार्यक्रम के छठे संस्करण का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने छात्राओं को करियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्राओं ने विभिन्न करियर विकल्पों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए चुनौतियों का सामना करना जरूरी है। प्रत्येक बालिका को अपने लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर उसकी ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेते हुए आगे बढ़ें। निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध हैं। जरूरत है कि छात्राएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत एवं लगन से उसकी तैयारी करें।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने अपनी विभिन्न प्रतिभाओं का प्रदर्शन भी किया। छात्राओं की प्रस्तुतियों की जिलाधिकारी ने सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बालिका में विशेष प्रतिभा एवं क्षमता होती है, जिसे उचित अवसर और मार्गदर्शन के माध्यम से निखारा जा सकता है।
इस अवसर पर बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग की ओर से छात्राओं को बैग भी वितरित किए गए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ भविष्य के लिए सही करियर विकल्प चुनने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, शिक्षकगण, छात्राएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
VANI NEWS


