गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त पर तैनात होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद कोतवाली गंगोलीहाट पुलिस ने होटल स्वामी सहित चार लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को एक होमगार्ड जवान ने कोतवाली गंगोलीहाट में तहरीर देकर बताया कि पिछली रात वह पीआरडी जवानों के साथ रात्रि गश्त पर तैनात था। रात करीब 10:45 बजे सड़क पर घूम रहे दो व्यक्तियों को जवानों ने अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने और अपने घर जाने की सलाह दी।
आरोप है कि इस बात से नाराज होकर दोनों व्यक्तियों ने जवानों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। इसी दौरान पास स्थित वैभव विशाल होटल से होटल स्वामी मोहित शाह और करम सिंह भण्डारी भी मौके पर पहुंच गए। शिकायत के अनुसार, चारों लोगों ने मिलकर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों के साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया, जिससे जवानों को चोटें भी आईं।
घटना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली गंगोलीहाट पुलिस ने मोहित शाह, करम सिंह भण्डारी तथा दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 122(1), 132, 221, 324(2) और 352 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
(स्रोत: मीडिया सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पिथौरागढ़)


